शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय Our Lady of Fatima School की कक्षा तीन की छात्रा मरियम हारून ने इस साल अपना पहला रोज़ा रखकर सबको खुश कर दिया। छोटी सी उम्र में बड़ा हौसला दिखाते हुए मरियम ने पूरे दिन सब्र और इबादत के साथ रोज़ा मुकम्मल किया।
मरियम ने बताया कि अम्मी से रोज़े की फ़ज़ीलत सुनकर और अलीशा जैनब अप्पी से उनके पहले रोज़े का अनुभव जानकर उसके दिल में भी रोज़ा रखने की ख्वाहिश जगी। दिन भर उसे प्यास और भूख लगी, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। रोज़ा रखते हुए उसने अपनी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी और ट्यूशन भी अटेंड किया।
शाम को इफ़्तार के वक्त घर में खुशी का माहौल था। अम्मी और अप्पी ने उसे नए कपड़े पहनाए। इफ़्तार की खुशबू से भूख और बढ़ गई, मगर मरियम ने पूरे सब्र के साथ अज़ान का इंतज़ार किया और अज़ान होते ही रोज़ा खोला। उसने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वह परीक्षाओं के बाद भी रोज़े रखेगी।
मरियम की अम्मी निकहत परवीन ने बेटी की इस प्यारी कामयाबी पर उसे तोहफ़े में सोने की अंगूठी दी। इस खास मौके पर मरियम की खुशी देखते ही बनती थी।
नन्ही मरियम का यह पहला रोज़ा न सिर्फ उसके लिए, बल्कि पूरे परिवार के लिए यादगार बन गया।

