संवाद।। तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कंपिल नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कर वसूली की स्थिति, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था तथा 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति भी परखी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यालय में संचालित जनसुनवाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए डीएम ने निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। कर वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बढ़ाने और लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने और कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट: Times of TAJ ब्यूरो, फर्रुखाबाद

