संवाद।। तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र में 13 फरवरी को मिले किसान सुनील कुमार के शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस बेटे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी, वही अपने पिता का कातिल निकला।
घटना के दिन सुबह खेत में आलू खोदते समय सुनील कुमार का शव मिला था। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक के बेटे अमन कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि जांच के दौरान संदेह के आधार पर बेटे से पूछताछ की गई। पूछताछ में अमन कुमार ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि जब उसके पिता खेत में आलू खोद रहे थे, तब उसने पीछे से डंडे से वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह डंडा काली नदी के जंगल में फेंक आया ताकि किसी को शक न हो। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी शादी और जमीन को लेकर पिता से नाराज था। उसका आरोप था कि पिता शादी के रिश्ते से इंकार कर रहे थे और जमीन अपने भाई व चचेरे भाई को देने वाले थे। इसी आशंका में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद आरोपी खुद ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस से 24 घंटे में खुलासे की मांग कर रहा था। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सच्चाई उजागर कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

