आगरा। “Together We Achieve” एवं जन कल्याण ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में फैज़-ए-आम इंटर कॉलेज, नगला मेवाती, ताजगंज, आगरा में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में मुस्लिम समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया और मानवता की मिसाल पेश की।

इस अवसर पर फैज़-ए-आम इंटर कॉलेज के प्रबंधक शमशुद्दीन खान ने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों को ऐसे सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए, ताकि युवा वर्ग में सेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।

बशीर उल हक (रॉकी) ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चिल्लू ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समाजों के लोगों का एक मंच पर आकर रक्तदान करना, हमारी सांस्कृतिक विरासत और इंसानियत की पहचान है।
कांग्रेस लीडर मनोज जैन बोहरा ने कहा कि समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। रक्तदान न धर्म देखता है और न जाति, यह केवल जीवन बचाने का माध्यम है।
कांग्रेस नेता मनोज बौहरा ने कहा कि Together We Achieve और जन कल्याण ब्लड बैंक का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से रक्त की उपलब्धता बढ़ती है और लोगों में जागरूकता आती है।
इस मौके पर : नरेंद्र कुमार, अज़हर वारसी,संजय सिंह गौरव लुधिया, फैसल, अभिषेक, अरुण, राशिद, अरवाज और चांद सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया।
शिविर में जन कल्याण ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम द्वारा रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के उपरांत सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और संस्था प्रबंधन का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

