आगरा: कुरैश वेलफेयर सोसाइटी आगरा द्वारा आयोजित 42वां निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन दंत एवं मुख रोग विशेषज्ञ डॉ. एम. बशर ने मरीजों का परीक्षण किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने दांतों की जांच कराई, जहां सभी रोगियों को आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान दांतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जांच की गई और मरीजों को उचित परामर्श दिया गया। इस अवसर पर ऑल इंडिया जमीअतुल कुरैश यूथ विंग के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद कासिम ने कहा कि कुरैश वेलफेयर सोसाइटी लगातार समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे संस्था द्वारा दी जा रही निशुल्क चिकित्सा सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शिविर में राजेश सिंह (मोनिका पैथोलॉजी), सिमरन, जोया, नोखेज आलम, हाजी आबिद, मोहम्मद आरिफ कुरैशी, लईक अहमद, हाजी यामीन, विरासत हुसैन, मोहम्मद आसिफ, अदनान कुरैशी, जकी कुरैशी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
आयोजकों के अनुसार शिविर के तीसरे दिन 300 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और सभी को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में लोगों की बढ़ती भागीदारी समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।

