आगरा। एलनहाउस पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में निगिता जैन उपस्थित रहीं। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में मनमोहक गीत, रंगारंग नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं को भावुक कर दिया और पूरा वातावरण स्नेह एवं उत्साह से भर उठा।
इस अवसर पर माताओं एवं बच्चों के लिए सलाद मेकिंग प्रतियोगिता तथा DIY क्राफ्ट मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने अपने बच्चों के साथ बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और उत्कृष्ट कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या गुरलीन कौर ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां बच्चों के जीवन की प्रथम गुरु होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों और अभिभावकों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं तथा परिवार और विद्यालय के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण प्रेम, सम्मान और उल्लास से सराबोर रहा।

