नई दिल्ली – इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज और यूपीएस की संयुक्त पहल के रूप में स्थापित लॉजिस्टिक्स ब्रांड मोविन ने आज ‘मोविन हेल्थकेयर’ लॉन्च करते हुए हेल्थकेयर लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में आधिकारिक विस्तार की घोषणा की। यह नई सेवा भारत में तेजी से बढ़ रही मेडिकल ज़रूरतों—विशेषकर दवाइयों, मेडिकल टेक्नोलॉजी, डायग्नोस्टिक्स और लैब से जुड़े संवेदनशील उत्पादों—की सुरक्षित और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित की गई है।
भारत का हेल्थकेयर एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स बाजार वर्तमान में लगभग 5.5 से 7.5 अरब अमेरिकी डॉलर का है, और तेजी, विश्वसनीयता और सुरक्षित डिलीवरी की बढ़ती मांग के कारण यह क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है। इसी आवश्यकता को देखते हुए मोविन हेल्थकेयर ने एंड-टू-एंड विशेष तापमान नियंत्रित पैकेजिंग सुविधा पेश की है, जो 2 से 8 डिग्री सेल्सियस (रेफ्रिजरेटेड), 15 से 25 डिग्री सेल्सियस (एंबिएंट कंट्रोल्ड) और –80 से –20 डिग्री सेल्सियस (ड्राई आइस फ्रोज़न) तापमान बनाए रखने में सक्षम है। यह सुविधा वैक्सीन, दवाइयों और क्लिनिकल ट्रायल सामग्री जैसे अत्यंत संवेदनशील उत्पादों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
सभी शिपमेंट को उच्च स्तर की सुरक्षा के साथ हैंडल किया जाएगा और उन्हें 24×7 कंट्रोल टावर के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटर किया जाएगा। इसके अलावा, हेल्थकेयर शिपमेंट के लिए प्राथमिकता हैंडलिंग और आवश्यक बीमा की भी व्यवस्था की गई है।
मोविन हेल्थकेयर की प्रमुख सेवा ‘नेक्स्ट फ़्लाइट आउट (NFO)’ है, जिसे समय-संवेदी मेडिकल सामग्री की तेज़ डिलीवरी को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इस सेवा का उद्देश्य गति, भरोसे और गुणवत्ता के नए मानक स्थापित करना है। कंपनी का कहना है कि हर शिपमेंट को शुरुआत से लेकर अंत तक सर्वोत्तम अनुभव प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए प्रशिक्षित और विशेषज्ञ टीम नियुक्त की गई है।
लॉन्च के अवसर पर मोविन एक्सप्रेस के डायरेक्टर और यूपीएस इंडिया के प्रमुख ग्रेगरी गोबा-ब्ले ने कहा,
“हम सिर्फ पैकेज नहीं पहुंचाते, बल्कि हर मरीज को सर्वोत्तम अनुभव देने पर ध्यान केंद्रित करते हैं। हेल्थकेयर लॉजिस्टिक्स में मोविन का प्रवेश भारत के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को मजबूत बनाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यूपीएस की वैश्विक विशेषज्ञता और इंटरग्लोब के बाजार अनुभव का संयोजन हमें एक ऐसी उच्चस्तरीय सेवा देने में सक्षम बनाता है, जो कड़े नियमों और तापमान नियंत्रण जैसी चुनौतियों पर खरा उतरती है।”
मोविन हेल्थकेयर एक स्वतंत्र और विशेष सेवा के रूप में कार्य करेगा, जिसके लिए अलग संसाधन और प्रशिक्षित ग्राहक सहायता टीम उपलब्ध होगी। शुरुआत में यह सेवा 50 बड़े शहरों में शुरू की जाएगी और बाद में इसे देशभर में विस्तारित किया जाएगा। इससे इस क्षेत्र में मोविन की मजबूत रणनीति और मौजूदगी का पता चलता है।
कंपनी का क्वालिटी एश्योरेंस सिस्टम कड़े सुरक्षा मानकों का पालन करता है, जिसमें गलतियों को रोकने और सुधारने (CAPA) की प्रक्रिया तथा किसी भी घटना की पारदर्शी रिपोर्टिंग शामिल है। इससे हेल्थकेयर क्षेत्र में अधिक भरोसा और जिम्मेदारी सुनिश्चित होगी।
मोविन हेल्थकेयर का मुख्य लक्ष्य आवश्यक मेडिकल सामग्री को अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं तक तेज़ी और सटीकता के साथ पहुंचाना है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। यही इस विशेष सेवा का मूल उद्देश्य है।

