बिजलीघर चौराहा होगा ‘शिवाजी चौक’, मदिया कटरा–कोठी मीना बाजार मार्ग सरदार पटेल के नाम
आगरा। नगर निगम की कार्यकारिणी की 16वीं बैठक में विकास और यातायात से जुड़े 7 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों के नाम परिवर्तन, मेट्रो विस्तार, सीवर, सफाई और ट्रैफिक सुधार से जुड़े फैसलों पर मुहर लगी।
कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि बिजलीघर चौराहा अब ‘शिवाजी चौक’ के नाम से जाना जाएगा। वहीं मदिया कटरा से कोठी मीना बाजार जाने वाले मार्ग का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा। नाम परिवर्तन के प्रस्तावों को शहर की ऐतिहासिक और राष्ट्रीय विभूतियों से जोड़ने की पहल बताया गया।
मेट्रो विस्तार को बड़ी राहत
बैठक में मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए नगर निगम की भूमि ट्रांसफर करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। हालांकि इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय नगर निगम सदन में लिया जाएगा।
सीवर, सफाई और ट्रैफिक सुधार पर फोकस
मेयर हेमलता दिवाकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की सीवर व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और यातायात सुधार से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत योजनाओं को तय समयसीमा में धरातल पर उतारा जाए, ताकि आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, इन फैसलों से न सिर्फ शहर की पहचान को नया आयाम मिलेगा, बल्कि यातायात व्यवस्था और शहरी सुविधाओं में भी सुधार होगा।

