आगरा, 4 जून 2026। अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारतीय तिरंगे के कथित अपमान की घटना को लेकर अखिल भारतीय हिन्दू महासभा की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीतू सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा उसका अपमान किसी भी भारतीय की भावनाओं को आहत करता है।
नीतू सिंह ने अपने बयान में कहा कि तिरंगा करोड़ों देशवासियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। विदेश की धरती पर इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं और संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने भारत सरकार से मामले को गंभीरता से उठाने और संबंधित अमेरिकी अधिकारियों के माध्यम से उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने विश्वभर में बसे भारतीय समुदाय से राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
नीतू सिंह ने कहा कि तिरंगे का सम्मान हर भारतीय का कर्तव्य है और राष्ट्रध्वज के गौरव से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पूरा देश ऐसी घटनाओं की निंदा करता है और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

