लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली (वोटर लिस्ट) तैयार करने के लिए संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राज प्रताप सिंह द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य अब नए निर्धारित कार्यक्रम के तहत पूरा किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके।
नई समय-सारिणी के अनुसार, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 जून को किया जाएगा। आयोग ने यह भी कहा है कि इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने आम जनता से अपील की है कि वे समय रहते अपनी जानकारी की जांच कर लें और यदि कोई त्रुटि हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका सुधार करा लें, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

