झांसी। Pradeep Jain Aditya के मुख्य आतिथ्य एवं कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष अखिलेश गुरुदेव की अध्यक्षता में कांग्रेस की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली संकट और अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति को लेकर सरकार एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों पर जमकर निशाना साधा गया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी आंकड़ों की बाजीगरी बंद करें और बिजली आपूर्ति में तत्काल सुधार लाएं, अन्यथा कांग्रेस जनता के सहयोग से अधिकारियों को एसी में नहीं बैठने देगी। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के झांसी और ललितपुर बिजली उत्पादन करने वाले क्षेत्र हैं, लेकिन विडंबना यह है कि यहां के लोगों को ही पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार महानगरों में 24 घंटे, तहसील स्तर पर 22 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने का दावा कर रही है, लेकिन झांसी और ललितपुर की जनता दिन-रात बिजली संकट झेलने को मजबूर है। झांसी के बबीना, रानीपुर, बरुआसागर और रक्सा क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहती है। वहीं शहर के सीपरी बाजार, मसीहागंज, शिवाजी नगर और उन्नाव गेट समेत अधिकांश इलाकों में बिजली की लगातार आवाजाही से लोग परेशान हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि झांसी जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस द्वारा वृहद जनआंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में युथुप जैन पिंकी, अनिल रिछारिया, अमीर चंद आर्य, नीरज सिनोरिया, मेवालाल भंडारिया, शाहरुख मंसूरी, वसीम उद्दीन, विजय यादव, जीतू देवानन्द, रहीश सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

