संवाद।। तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद।गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने लोहिया जिला अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और फल वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया।
अस्पताल पहुंचने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार सहित महिला व पुरुष अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों ने बुके भेंट कर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया।

डीएम और एसपी ने सबसे पहले लोहिया पुरुष अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत की और इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मरीजों और उनके तीमारदारों को फल वितरित किए।

इसके उपरांत दोनों अधिकारी लोहिया महिला अस्पताल पहुंचे, जहां वार्ड में भर्ती प्रसूताओं को फल वितरित किए गए। अधिकारियों ने प्रसूताओं के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को मरीजों के बेहतर उपचार, स्वच्छता एवं देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

