आगरा। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 08 जून 2025 को पुलिस उपायुक्त नगर जोन आगरा द्वारा पुलिस लाइन स्थित प्रशांत मेमोरियल सभागार में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध, नगर जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, नगर निगम, विद्युत विभाग तथा जलकल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भी सहभागिता की।
बैठक में एआईएमआईएम के संयुक्त सचिव उत्तर प्रदेश मिर्ज़ा मुकर्रम बेग भी शामिल हुए। उन्होंने मोहर्रम के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
पुलिस उपायुक्त नगर जोन ने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों एवं समिति सदस्यों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा की गई।
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मोहर्रम पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे त्योहार सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

