उर्स-ए-रज़वी के अवसर पर दरगाह आला हज़रत में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 247 जायरीन का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
बरेली। उर्स-ए-रज़वी के अवसर पर दरगाह आला हज़रत में शनिवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 247 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में 73 लोगों की निःशुल्क ईसीजी तथा 46 लोगों की शुगर जांच भी की गई।
सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सरपरस्ती में आयोजित शिविर का उद्घाटन रज़ा मस्जिद के इमाम मुफ्ती ज़ईम रज़ा ने दुआ के साथ किया।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि शिविर में श्री गंगा चरण आर्यवर्धन अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. शकील अहमद, फिजिशियन डॉ. मोहम्मद अकीक और डॉ. रियाज़ अहमद ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं, उन्हें उचित उपचार के साथ खानपान और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह भी दी गई। शिविर में उपनीत झा, अमित शंखधार, जावेद खान, शाहिद नूरी, परवेज़ नूरी, मुजाहिद बेग, अश्मीर रज़ा और मंज़ूर रज़ा सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया। शिविर दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित हुआ।
मगरिब की नमाज़ के बाद उर्स की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि दुनिया भर से आने वाले जायरीन दरगाह के मेहमान हैं और उनकी मेज़बानी एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि 5 अगस्त तक सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं।
बैठक में दरगाह के सरपरस्त मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती में उर्स की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। लंगर कमेटियों और वालंटियर्स ने उर्स को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपने सुझाव भी दिए। इस दौरान मुफ्ती अकील रज़वी, मुफ्ती सलीम नूरी, मुफ्ती सय्यद कफील हाशमी, मुफ्ती अय्यूब नूरी, औरंगज़ेब नूरी, अजमल नूरी, ताहिर अल्वी, इशरत नूरी, हाजी अब्बास नूरी और अब्दुल माजिद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

