लखनऊ। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा, सावन मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे पेयजल की व्यवस्था, जनसहयोग से विश्राम स्थलों की स्थापना, मोबाइल शौचालय, नियमित सफाई अभियान, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश सरकार ने सभी जिलाधिकारियों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और अन्य नगरीय निकायों को निर्देश दिया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए कांवड़ मार्गों, शिवालयों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रमुख सचिव, नगर विकास पी. गुरुप्रसाद द्वारा जारी शासनादेश में कहा गया है कि यात्रा मार्गों और प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
सरकार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

