अजमेर। हज़रत ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह के 814वें उर्स मुबारक को लेकर अजमेर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जायरीनों की भारी आमद और भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित किया है। सुरक्षा के मद्देनज़र करीब 5,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उर्स के दौरान संवेदनशील इलाकों, दरगाह परिसर, प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भीड़ प्रबंधन और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डिंग सुविधा वाले अत्याधुनिक कैमरों के ज़रिये चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), RAF, होमगार्ड्स और महिला पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। उर्स के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है।
पुलिस प्रशासन ने जायरीनों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का उपयोग करें, सुरक्षा जांच में सहयोग दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि उर्स का आयोजन शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

