कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
चंदौली। मुगलसराय स्थित चर्चित काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान हुए हादसे में संविदा कर्मचारी बलदेव की मौत के बाद अब राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
गौरतलब है कि 10 जुलाई को मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 150 वर्ष पुराने काली माता मंदिर को हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मंदिर का शिखर अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से निजी कंपनी के संविदा कर्मचारी बलदेव की मौके पर ही मौत हो गई थी।
मृतक के बड़े भाई नथुनी यादव से मुलाकात के बाद अजय राय ने कहा कि यदि प्रशासन ने सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल सनातन की राजनीति करती है, जबकि सैकड़ों वर्ष पुराने मंदिर को स्वयं उसके शासन में ध्वस्त किया गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मृतक के परिवार को तत्काल एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
अजय राय ने इस दौरान मेरठ की हालिया घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मेरठ जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरठ में एसएसपी द्वारा वैन में एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने की घटना पूरे देश ने देखी है और ऐसे मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
मुगलसराय में हुए हादसे के बाद प्रशासन की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के इस दौरे के बाद इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

