आगरा। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा महिला सशक्तिकरण और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर रविवार को आगरा मंडल में पोस्टकार्ड एवं हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान नगला वेर, जगदीशपुर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने किया। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए महिला आरक्षण 2023 को शीघ्र लागू करने की मांग उठाई गई। अभियान के अंतर्गत महिलाओं से पोस्टकार्ड भरवाकर उन्हें डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री निवास भेजा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का जल्द लागू होना जरूरी है। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए सरकार से महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन सत्येंद्र कैंम ने किया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मयूरी सिंह, माला चौहान, मनीषा कुमारी, सरोज, सरोज कुमारी, कीर्ति चंद, रतन चौहान, सिया देवी, बंटी रंगरेज सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने पोस्टकार्ड भरकर प्रधानमंत्री निवास भेजने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

