गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम के नामरूप में लगभग 12,000 करोड़ रुपये की अमोनिया-यूरिया उर्वरक परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह परियोजना देश में उर्वरक उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ असम की औद्योगिक क्षमता को नई मजबूती प्रदान करेगी।
राज्य के अपने दौरे के दूसरे दिन, प्रधानमंत्री मोदी ब्रह्मपुत्र नदी में क्रूज जहाज की सवारी करते हुए ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत 25 स्कूली छात्रों से संवाद करेंगे। इस संवाद में वे विद्यार्थियों से परीक्षा, करियर और जीवन से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी के पश्चिम बोरागाँव में स्थित असम आंदोलन के 860 शहीदों की स्मृति में नवनिर्मित शहीद स्मारक क्षेत्र का दौरा करेंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इससे पहले, कल प्रधानमंत्री ने लोकप्रिया गोपीनाथ बरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, गुवाहाटी पर अत्याधुनिक नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने असम के पूर्व मुख्यमंत्री लोकप्रिया गोपीनाथ बरदोलोई की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
लगभग 1.40 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में निर्मित यह नया टर्मिनल भवन प्रति वर्ष 1 करोड़ 30 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। उद्घाटन समारोह के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार असम के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में असम में कई ऐतिहासिक आधारभूत परियोजनाएं शुरू की गईं और सफलतापूर्वक पूरी की गईं, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिली है।

