आगरा। भगवान यीशु मसीह के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को आगरा शहर में एक भव्य और विशाल जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस की शुरुआत सेंट मेरी चर्च, प्रतापपुरा से हुई, जो सदर बाजार, सौदागर लाइन होते हुए सदर स्थित सेंट जॉर्ज कैथेड्रल चर्च पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आगरा के सभी चर्चों ने जुलूस में सहभागिता की। विभिन्न चर्चों की ओर से सुंदर और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें तीन ऊंटों पर सजी झांकियां विशेष रूप से लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने जुलूस का स्वागत किया।
जुलूस में शहर के सभी चर्चों के पादरियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रमुख रूप से पादरी पंकज, इंद्रजीत, अर्पण, प्रवीण, मिश्रा जैकब, फादर सवारी, विनय प्रकाश, अनिल विकल, सुभाष, जैकब लाल सहित अनेक धर्मगुरु और गणमान्य लोग शामिल रहे।
इसके साथ ही शहर कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष बशीर-उल-हक (रॉकी), रॉबिन लाल एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर बशीर-उल-हक (रॉकी) ने कहा कि “भगवान यीशु मसीह का जीवन प्रेम, शांति, त्याग और मानवता का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करते हैं। भारत की असली ताकत उसकी एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब है।”
कार्यक्रम का संचालन इन्वोक लाल द्वारा किया गया, जिनका आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। जुलूस के दौरान पूरे शहर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

