आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 30 जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) के तबादले कर दिए। इसके साथ ही 18 जिलों में डायट प्राचार्य और वरिष्ठ प्रवक्ताओं के भी स्थानांतरण किए गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार अलीगढ़ के बीएसए राकेश सिंह को आगरा का नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि आगरा में तैनात बीएसए जितेंद्र गोंड का तबादला कर दिया गया है।
राकेश सिंह हाल ही में उस समय चर्चा में आए थे, जब अलीगढ़ में उन्होंने शिक्षकों को स्कूलों के अलावा आवारा कुत्तों की गणना संबंधी कार्य में लगाए जाने के निर्देश दिए थे। इस आदेश को लेकर शिक्षक संगठनों ने आपत्ति जताई थी और इसे शिक्षकों पर अतिरिक्त गैर-शैक्षणिक कार्य का बोझ बताया था।
उधर, भूपेंद्र सिंह को वाराणसी का नया बीएसए बनाया गया है, जबकि वहां तैनात अनुराग श्रीवास्तव को प्रतीक्षा सूची (वेटिंग) में रखा गया है। वाराणसी में उनका कार्यकाल लगभग आठ माह का रहा।
आगरा में बीएसए पद पर हुए इस बदलाव को शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नए बीएसए राकेश सिंह जिले में शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों के संचालन, नामांकन अभियान और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा तबादला नीति के तहत लंबे समय से एक ही जिले अथवा मंडल में तैनात अधिकारियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग में यह व्यापक फेरबदल किया गया है।
शिक्षा विभाग में हुए इन तबादलों के बाद संबंधित जिलों में नए अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
— टाइम्स ऑफ ताज ब्यूरो, आगरा

