मुंबई। बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर 18 साल बाद फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली के साथ काम कर रहे हैं। कपूर ने कहा कि अभिनय के बारे में जो कुछ भी उन्होंने सीखा है, उसका पूरा श्रेय भंसाली को जाता है। उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत भंसाली की 2007 में रिलीज़ हुई फिल्म “सांवरिया” से की थी।
रणबीर कपूर अपनी आगामी फिल्म “लव एंड वॉर” में भंसाली के निर्देशन में नजर आएंगे। इसे एक महाकाव्य गाथा के रूप में पेश किया गया है और यह 20 मार्च, 2026 को रिलीज़ होगी। फिल्म में कपूर के साथ उनकी पत्नी आलिया भट्ट और अभिनेता विक्की कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
अपने 43वें जन्मदिन पर इंस्टाग्राम लाइव के दौरान रणबीर ने कहा, “इस फिल्म का निर्देशन उस व्यक्ति ने किया है जिसने मुझे सिनेमा के बारे में सबकुछ सिखाया है। मैं अभिनय के बारे में जो भी जानता हूँ, उसका पूरा श्रेय उन्हें जाता है। वह तब भी मेरे गुरु थे और आज और भी बड़े गुरु हैं। मैं उनके साथ काम करके बहुत खुश हूँ।”
इस फिल्म में विक्की कौशल पहली बार भंसाली के साथ काम कर रहे हैं, जबकि आलिया भट्ट और भंसाली फिर से साथ आए हैं। आलिया ने इससे पहले 2022 में भंसाली की फिल्म “गंगूबाई काठियावाड़ी” में काम किया था, जिसमें उन्होंने कमाठीपुरा की महिला डॉन की भूमिका निभाई थी।

