नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह हज़रत निज़ामुद्दीन औलिया (रह.) के सज्जादा नशीन ख़्वाजा सैयद मोहम्मद निज़ामी का गैस गीजर फटने से हुए धमाके में दुखद निधन हो गया। इस हादसे में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही धार्मिक, सामाजिक और सूफ़ी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। ख़्वाजा सैयद मोहम्मद निज़ामी अपनी सादगी, उच्च आचरण और दरगाह से जुड़ी सेवाओं के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। उनके इंतकाल को दरगाह निज़ामुद्दीन औलिया ही नहीं, बल्कि पूरे सूफ़ी समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में अकीदतमंदों और विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मरहूम की मग़फ़िरत के लिए दुआएं की जा रही हैं।
ईश्वर से प्रार्थना है कि वह मरहूम ख़्वाजा सैयद मोहम्मद निज़ामी को जन्नतुल फ़िरदौस में आला मुक़ाम अता करे, उनके परिजनों को यह सदमा सहने की शक्ति दे और गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करे।

