उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का दौर तेज होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और कई जिलों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। इसके साथ ही लू और भीषण लू चलने की संभावना भी जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के दक्षिणी हिस्से के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिससे अगले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
विकिरणीय ऊष्मन बढ़ने के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। 19 से 22 मई के बीच प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में लू का नया दौर शुरू होगा और कहीं-कहीं भीषण लू चल सकती है।
आगरा में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में आगरा का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा रहने की संभावना है, जबकि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। 22 मई के बाद तापमान में हल्की गिरावट आने के संकेत हैं।

