आगरा। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्रीमती बी.डी. जैन गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय ‘उमंग’ वार्षिकोत्सव का समापन भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर आशु रानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की संयोजिका प्रोफेसर मीरा अग्रवाल के कुशल निर्देशन में संगीत विभाग की छात्राओं ने द्रौपदी चीरहरण की मर्मस्पर्शी प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
बी.एड. विभाग की छात्राओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और देशभक्ति का प्रभावी संदेश दिया। वहीं, होली नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे सभागार को उल्लास और रंगों की ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
वार्षिक प्रगति रिपोर्ट एवं प्रदर्शनी की सराहना
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना अग्रवाल ने संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम एवं बिचपुरी कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर सीमा भदौरिया ने छात्राओं द्वारा तैयार मेट्रो और बुलंद दरवाजा के आकर्षक मॉडलों की सराहना की।
पुस्तकों का विमोचन और छात्राओं का सम्मान
इस अवसर पर डॉ. नीलम कांत, डॉ. नसीम अख्तर एवं डॉ. शिखा की पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए मेधावी छात्राओं— कशिश प्रजापति, कंचन एवं लीना माहौर— को सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। छात्रा दिव्यांशी और प्रीति को नकद छात्रवृत्ति प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रतिमा सिंह ने प्रभावी ढंग से किया। समारोह में प्रबंध समिति के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
‘उमंग’ वार्षिकोत्सव ने एक बार फिर सिद्ध किया कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

