फर्रुखाबाद। जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेटे की सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं। भटपुरा गांव के पास डीसीएम और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कमालगंज कस्बे के किदवई नगर निवासी रईसुद्दीन (50) अपने परिवार के साथ बेलापुर सरैया गांव से एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर ऑटो से वापस लौट रहे थे। भटपुरा गांव के निकट सामने से आ रही डीसीएम से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए, जबकि रईसुद्दीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही 102 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में नसरीन (50), कामरान (25), नगमा (30), तालिब (25), राजिया (40), अमरीन (32), गुड्डन (40) तथा ऑटो चालक अफसर अली (50) शामिल हैं।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. विकास पटेल के अनुसार नसरीन और ऑटो चालक अफसर अली की हालत गंभीर है। नसरीन को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
परिजनों ने बताया कि रईसुद्दीन जयपुर में सिलाई का काम करते थे। वह अपने बेटे कामरान की सगाई में शामिल होने के लिए पांच दिन पहले ही घर आए थे। मंगलवार को कामरान की सगाई संपन्न हुई थी और परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन गुरुवार को हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
रईसुद्दीन अपने पीछे छह बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी नगमा की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा इमरान जयपुर में काम करता है। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
— टाइम्स ऑफ ताज ब्यूरो, फर्रुखाबाद

