विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कई बूथों पर नहीं मिले बीएलओ
आगरा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 18 जनवरी को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी बूथों पर मतदाता सूची पढ़ने और आपत्तियां दर्ज करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी आगरा द्वारा सभी बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के अनुसार बूथों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई जानी थी। साथ ही मतदाताओं को नाम जोड़ने, संशोधन अथवा हटाने के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 भरने की सुविधा भी दी जानी थी।
इसी क्रम में जब Times of TAJ के रिपोर्टर ने ताजगंज क्षेत्र अंतर्गत गौबर चौकी स्थित एस.आर. पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया, तो स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। बूथ पर तैनात बीएलओ बाहर खड़े होकर इंतज़ार करते दिखाई दिए, जिससे मतदाताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
वहीं बोधिसत्व स्कूल में भाग संख्या 310 के एक बीएलओ उपस्थित पाए गए, लेकिन शिशु राधा पब्लिक स्कूल (भाग संख्या 307) तथा ज्ञान भारती स्कूल में भाग संख्या 293, 295 और 297 के बीएलओ मौके पर मौजूद नहीं मिले।
इसके अलावा ज्ञान भारती स्कूल, पक्की सराय में फॉर्म-6 को लेकर क्षेत्रीय लोगों में रोष देखा गया। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि समय पर बीएलओ की अनुपस्थिति और अव्यवस्थाओं के कारण उन्हें नाम जोड़ने व संशोधन कराने में परेशानी हो रही है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही पर लोगों ने नाराज़गी जताते हुए जिला प्रशासन से उचित कार्रवाई और व्यवस्था सुधार की मांग की है।

