नई दिल्ली। देश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने के तौर-तरीके अब तेजी से बदल रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्र सरकार एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। आगामी 1 अप्रैल से नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद करने की तैयारी की जा रही है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन चालकों को टोल टैक्स का भुगतान केवल FASTag या UPI जैसे डिजिटल माध्यमों से ही करना होगा। इसका सीधा फायदा यह होगा कि टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारें, खुले पैसे को लेकर होने वाली झिकझिक और बार-बार रुकने की मजबूरी से यात्रियों को राहत मिलेगी।
डिजिटल पेमेंट से होगा समय और ईंधन की बचत
सरकार का मानना है कि डिजिटल टोल भुगतान से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि ईंधन की भी बचत होगी। FASTag और UPI के जरिए बिना रुके टोल भुगतान करने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुगम होगी।
डिजिटल ट्रैवल की ओर बड़ा कदम
यह कदम देश में डिजिटल इंडिया अभियान को और मजबूती देगा। पहले ही FASTag को अनिवार्य किया जा चुका है और अब UPI को भी टोल भुगतान से जोड़कर सरकार डिजिटल ट्रैवल को बढ़ावा देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
हालांकि, इस बदलाव के साथ उन वाहन चालकों के लिए FASTag या UPI की व्यवस्था समय रहते करना जरूरी होगा, जो अब तक कैश के माध्यम से टोल चुकाते रहे हैं। सरकार द्वारा इस संबंध में जल्द ही औपचारिक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।

