बेहतर पुलिसिंग की मिसाल बने थाना ताज सुरक्षा के उप निरीक्षक
आगरा: पुलिस कमिश्नरेट आगरा के गठन के 3 वर्ष पूरे होने पर पुलिस लाइन आगरा में स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 26 नवंबर 2022 को स्थापित इस कमिश्नरेट के स्थापना दिवस पर अधिकारी और कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

थाना ताज सुरक्षा में नियुक्त उप निरीक्षक शिवराज सिंह को उनकी विशेष सेवाओं के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में शिवराज सिंह ने ताजमहल भ्रमण करने आए देशी-विदेशी पर्यटकों, खोए हुए बच्चों और बिछड़े हुए पर्यटकों को अल्प समय में खोजकर सुरक्षित परिजनों से मिलाया। साथ ही, उन्होंने पर्यटकों में सुरक्षा और भरोसे का वातावरण कायम किया।

शिवराज सिंह ने आकस्मिक चिकित्सा संकट में गंभीर रूप से बीमार पर्यटकों को तत्परता, धैर्य और सूझबूझ के साथ प्राथमिक उपचार प्रदान कर जिला चिकित्सालय भिजवाकर सैकड़ों जीवन बचाए। उनकी टीम ने पर्यटकों के खोए हुए कीमती सामान को खोजकर शत-प्रतिशत रिकवरी कर उन्हें लौटाया।
उप निरीक्षक शिवराज सिंह अपने फ्रेंडली और संवेदनशील रवैये के कारण पर्यटकों के बीच अत्यधिक लोकप्रिय हैं। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा 2025 गणतंत्र दिवस पर सराहनीय सेवा पदक और 15 अगस्त 2025 को भारत सरकार द्वारा “सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया गया। इसके पहले भी 2024 में वे पुलिस कमिश्नरेट स्थापना दिवस पर सम्मानित हो चुके हैं।
उनके प्रयासों से न केवल देश के, बल्कि विश्वभर के ताजमहल आगंतुकों पर गहरा प्रभाव पड़ा है। उनके माध्यम से ताजमहल भ्रमण पर आने वाले पर्यटक भारतीय संस्कृति और “अतिथि देवो भवः” की अनमोल छवि अपने साथ ले जा रहे हैं।
उप निरीक्षक शिवराज सिंह की कार्यशैली उत्तर प्रदेश पुलिस में बेहतर पुलिसिंग की मिसाल बनी हुई है।

