आगरा। आगरा में एक दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। 8 वर्षीय बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
खोजबीन के दौरान अगले ही दिन बच्ची का शव उसी मकान में किराए पर रहने वाले आरोपी सुनील के कमरे से बरामद हुआ। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए 12 पुलिस टीमें गठित की गईं।27/28 मार्च की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी सुनील ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसमें एक उप निरीक्षक घायल हो गया।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सुनील गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। उसके कब्जे से एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, 6 खोखा कारतूस और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में साक्ष्य संकलन और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस पूरे प्रकरण पर डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने विस्तृत जानकारी दी।

