विधानसभा (196) से सपा नेता ताहिर हुसैन सिद्दीकी का नाम इस समय काफी चर्चा में है
संवाददाता तौफीक फारूकी
कन्नौज। छिबरामऊ विधानसभा सीट (196) पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी की राजनीतिक सक्रियता इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान, गांव-गांव बैठकों और सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का कहना है कि ताहिर हुसैन सिद्दीकी लंबे समय से जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। युवाओं में उनके प्रति खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के कई युवा कार्यकर्ताओं का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी को जमीनी स्तर पर सक्रिय और संघर्षशील नेताओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पूर्व विधायक रहे ताहिर हुसैन सिद्दीकी इन दिनों अपने भाई पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत तहसीन सिद्दीकी के साथ समाजवादी समानता भाईचारा रैली के माध्यम से फर्रुखाबाद, कन्नौज और छिबरामऊ क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। रैली के दौरान वे समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को जनता तक पहुंचा रहे हैं।
ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और भाईचारे की राजनीति को मजबूत करने के लिए जनता के बीच लगातार काम कर रही है।
हालांकि टिकट वितरण को लेकर अंतिम निर्णय समाजवादी पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा, लेकिन क्षेत्र में ताहिर हुसैन सिद्दीकी के समर्थन में बढ़ती आवाजें यह संकेत दे रही हैं कि कार्यकर्ताओं का एक बड़ा वर्ग उन्हें मजबूत दावेदार के रूप में देख रहा है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें अभी से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटना होगा। उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य पाने के लिए सभी को अपनी भाषा ठीक रखनी है। सभी का सम्मान करना भी सीखना होगा। हमें जनता से जुड़े रहना है। जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है।
अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी की ताकत बढ़ी है और नेताओं, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। चुनाव में जनता ने भाजपा का अहंकार तोड़ा है। भाजपा नेताओं को अब नींद नहीं आती है। सपा व आइएनडीआइए ने संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ी। समाजवादी विचारधारा का संघर्ष बराबर जारी रहेगा।
पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत तहसीन सिद्दीकी ने 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने तय किया कि वे गांव-गांव जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे।
तहसीन ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मुख्य लक्ष्य पीडीए समाज को समानता का अधिकार और सम्मान दिलाना है। साथ ही बेहतर जीवन, लोकतंत्र की रक्षा और संविधान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकता से प्रदेश में परिवर्तन आएगा।

