रिपोर्ट: एस. मुनीर
अलीगढ़ | संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा अल्पसंख्यक समुदाय की आवाज़ को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने एक अहम कदम उठाते हुए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी सिटी स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. मुहम्मद फैयाजुद्दीन को पार्टी के माइनॉरिटी विंग का नेशनल जनरल सेक्रेटरी नियुक्त किया है।
पार्टी हाईकमान द्वारा किया गया यह मनोनयन अल्पसंख्यक कल्याण के प्रति एनसीपी की गंभीर प्रतिबद्धता और जमीनी स्तर पर सशक्त हस्तक्षेप की नीति को दर्शाता है।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में डॉ. मुहम्मद फैयाजुद्दीन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र सरकार के उपमुख्यमंत्री माननीय श्री अजित दादा पवार तथा नेशनल जनरल सेक्रेटरी एवं चेयरमैन, माइनॉरिटी विंग माननीय श्री सैयद जलालुद्दीन साहिब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताया गया भरोसा उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।
एक प्रश्न के उत्तर में डॉ. फैयाजुद्दीन ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अपॉइंटमेंट लेटर देते समय हिजाब हटवाया जाना निंदनीय है। उन्होंने आशा जताई कि मुख्यमंत्री को अपनी भूल का एहसास होगा और वे इस पर माफी मांगेंगे।
डॉ. फैयाजुद्दीन ने कहा कि नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी देश की उन चुनिंदा पार्टियों में शामिल है, जो अल्पसंख्यकों के मुद्दों पर केवल बयानबाज़ी नहीं करती, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार, सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तिकरण और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में ठोस और व्यावहारिक पहल करती है। पार्टी का मानना है कि अल्पसंख्यक समुदाय का सशक्तिकरण देश के समग्र विकास की बुनियाद है।
उन्होंने आगे कहा कि एनसीपी की नीतियां समावेशी विकास (Inclusive Development) पर आधारित हैं, जहां धर्म, जाति या वर्ग के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। अल्पसंख्यक युवाओं को शिक्षा और रोज़गार से जोड़ना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों का समाधान निकालना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर डॉ. मुहम्मद फैयाजुद्दीन ने कहा कि वे देशभर में अल्पसंख्यक समुदाय के साथ संपर्क को और मजबूत करेंगे, उनकी समस्याओं को संगठित मंच के माध्यम से सरकार तक पहुंचाएंगे और पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी की अल्पसंख्यक शाखा केवल एक संगठनात्मक इकाई नहीं, बल्कि वंचित और हाशिए पर पड़े वर्गों की आवाज़, उम्मीद और विश्वास है। उन्होंने कहा कि एनसीपी देश की धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती से रक्षा करने वाली पार्टी है और अल्पसंख्यकों के कल्याण व अधिकारों की सुरक्षा के लिए उसका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

