बांदा सहित 10 जिलों में रेड अलर्ट, मौसम विभाग ने दिन में बाहर न निकलने की दी सलाह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के साथ रातें भी गर्म बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने बांदा समेत कई जिलों में तापमान 40 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है और लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक Atul Kumar Singh अतुल कुमार सिंह के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी और रविदासनगर सहित आसपास के जिलों में रविवार को भीषण गर्मी और ऊष्ण लू की स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा आगरा, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और कासगंज समेत कई जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

