‘उम्मीद’ पोर्टल पर रद हुई संपत्तियों को 5 जून तक दोबारा अपलोड कराने के निर्देश
लखनऊ। Danish Azad Ansari अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ राज्य मंत्री दानिश आजाद ने वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि ‘उम्मीद’ पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी (डीएमओ) मुतवल्लियों की सहायता करेंगे।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि रकबे में अंतर, खसरा संख्या में गड़बड़ी, दस्तावेजों में त्रुटियां तथा मुतवल्लियों के नामों में भिन्नता जैसी वजहों से बड़ी संख्या में वक्फ संपत्तियों के आवेदन पोर्टल पर रद हो रहे हैं।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिया और सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन तेजी से किया जा सके और त्रुटियों को दूर कर रद हुई संपत्तियों को 5 जून तक दोबारा पोर्टल पर अपलोड कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी मुतवल्लियों को दस्तावेजों के मिलान और आवेदन प्रक्रिया में पूरी सहायता उपलब्ध कराएंगे। साथ ही मुतवल्लियों के साथ किसी प्रकार का असहयोग करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
दानिश आजाद ने कहा कि किसी भी मुतवल्ली को परेशान होने की जरूरत नहीं है, सरकार उनकी सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और वक्फ संपत्तियों के सही पंजीकरण को सुनिश्चित किया जाएगा।

