कासगंज में पूर्व सांसद देवेंद्र सिंह यादव के उर्मिला गार्डन का किया उद्घाटन, वरिष्ठ सपा कार्यकर्ताओं का सम्मान
संवाद – नूरुल इस्लाम
कासगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने कासगंज में पूर्व सांसद Devendra Singh Yadav द्वारा निर्मित उर्मिला गार्डन का उद्घाटन करने के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश और प्रदेश को संकट की स्थिति में पहुंचा दिया है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली दरों में वृद्धि की गई है और स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। डीजल समेत अन्य ईंधनों की बढ़ती कीमतों से किसान, व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। वहीं यूरिया और अन्य उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर भी संकट बना हुआ है, जिससे किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश का नौजवान रोजगार और नौकरी के लिए भटक रहा है, जबकि भाजपा ने चुनावी वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने समाज के हर वर्ग को निराश किया है और प्रदेश के विकास को बाधित किया है।
कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव अब दूर नहीं हैं। लोकसभा चुनाव की तरह सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना आवश्यक है। भाजपा के जाने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और बिजली व्यवस्था में सुधार होगा तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत वोट होती है और जनता को अपने मताधिकार का उपयोग कर भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की एकता से घबराई हुई है और उसके खिलाफ साजिशें कर रही है।
इस अवसर पर जनपद एटा और कासगंज के दर्जनों वरिष्ठ समाजवादी कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

