27 केंद्रों पर साढ़े 25 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, अतिरिक्त बसों का होगा संचालन
आगरा। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी। शहर के 27 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में करीब साढ़े 25 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन और परिवहन विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सिटी बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें अधिकांश बसें एमजी रोड मार्ग से होकर गुजरेंगी।
प्रशासन का कहना है कि बसों का संचालन इस प्रकार किया जाएगा ताकि अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं परीक्षा में नकल रोकने के लिए भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। 30 मई की शाम से ही विभिन्न जिलों से अभ्यर्थियों का आगरा पहुंचना शुरू हो जाएगा।
एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे और सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा दो-दो पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक जांच से गुजरना अनिवार्य होगा।
जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र, उसकी फोटोयुक्त प्रति तथा वही पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी, जो ऑनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड की गई थी। बिना इन दस्तावेजों के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। फोटो को परीक्षा केंद्र पर जमा करना भी अनिवार्य रहेगा।
अभ्यर्थी आधार कार्ड के साथ केवल नीला या काला पेन ही अंदर ले जा सकेंगे।
गलत उत्तर पर कटेंगे अंक
परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के लिए दो अंक निर्धारित किए गए हैं। सही उत्तर देने पर दो अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर दो अंक का एक-तिहाई भाग काट लिया जाएगा। वहीं अनुत्तरित प्रश्न पर कोई अंक नहीं मिलेगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

