आगरा। सेंट पीटर्स कॉलेज के सेंट फेलिक्स प्री-प्राइमरी विंग का विद्यारंभ समारोह 25 मार्च 2026 को कॉलेज के जुबली हॉल में बड़े उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर नए नर्सरी विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रथम अक्षर लिखवाकर औपचारिक रूप से उनकी शिक्षा यात्रा का शुभारंभ कराया गया।

समारोह में नन्हे विद्यार्थियों को उनके अभिभावक हर्षोल्लास के साथ लेकर पहुंचे। कार्यक्रम से पूर्व अभिभावकों के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अभिभावकत्व, बच्चों की देखभाल और उनके समग्र विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। साथ ही यह भी बताया गया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानाचार्य फादर डॉ. अल्विन पिंटो उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा फादर इग्नेशियस मिरांडा की विशेष उपस्थिति से और बढ़ गई। वहीं उप-प्रधानाचार्य फादर लुईस भी सेंट फेलिक्स प्री-प्राइमरी विंग के शिक्षकों के साथ मौजूद रहे।

अभिभावकों ने ओरिएंटेशन सत्र में सक्रिय भागीदारी की और अपने बच्चों को शिक्षा की पहली सीढ़ी चढ़ते हुए देखकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह ने सभी के मन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

