केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE द्वारा आयोजित 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल हुए लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थीं, जिनमें करीब 18.5 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था।

सूत्रों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के अनुसार रिजल्ट 11 मई को जारी होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि बोर्ड की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज पहले ही संकेत दे चुके हैं कि 12वीं कक्षा का परिणाम मई के तीसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा।
वहीं, DigiLocker पर भी रिजल्ट सेक्शन में “Coming Soon” दिखाई दे रहा है, जिससे माना जा रहा है कि परिणाम जल्द घोषित किए जा सकते हैं। चूंकि 11 मई से CUET UG Exam 2026 की शुरुआत हो रही है, ऐसे में संभावना है कि रिजल्ट 12 से 15 मई के बीच जारी किया जाए।
CBSE की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी टॉपर्स लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। बोर्ड का मानना है कि इससे छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और हीन भावना को कम किया जा सकेगा।
फेल होने पर भी नहीं खराब होगा साल
अगर कोई छात्र एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाता है तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। बोर्ड की ओर से कंपार्टमेंट परीक्षा आयोजित की जाएगी। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र निर्धारित तिथियों में आवेदन कर दोबारा परीक्षा देकर अपना साल बचा सकेंगे।
ऐसे डाउनलोड करें मार्कशीट
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर “CBSE 12th Result 2026” के एक्टिव लिंक पर क्लिक करें।
- रोल नंबर, स्कूल नंबर, डेट ऑफ बर्थ और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करें।
- सबमिट करते ही मार्कशीट स्क्रीन पर खुल जाएगी, जिसे डाउनलोड किया जा सकेगा।
छात्र ध्यान रखें कि रिजल्ट जारी होने के दिन केवल डिजिटल मार्कशीट ही उपलब्ध होगी। ओरिजिनल मार्कशीट कुछ दिनों बाद स्कूलों को भेजी जाएगी, जहां से छात्र अपने विद्यालय से प्राप्त कर सकेंगे।

