अगरतला/बागपत। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में अपने कार्यालय के अंदर मृत पाए गए। घटना से पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक रिपोर्टों में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
अनुराग धनखड़ 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी थे और मई 2025 में उन्होंने त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक का पदभार संभाला था। इससे पहले वह डीजीपी (इंटेलिजेंस) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके थे। उन्होंने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), सीआईएसएफ तथा संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो मिशन में भी सेवाएं दी थीं।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के निवासी अनुराग धनखड़ के निधन की खबर से उनके पैतृक गांव और परिजनों में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य त्रिपुरा के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की अटकलों से बचने की अपील की है।
— टाइम्स ऑफ ताज

