आगरा के 154 केंद्रों पर कड़ी निगरानी, 6 जोन और 15 सेक्टर में बांटा गया जनपद
नकलविहीन परीक्षा के लिए 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात, 18 अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्था
आगरा, माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित होंगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि आगरा जनपद के 154 परीक्षा केंद्रों को 6 जोन और 15 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके तहत 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 18 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा—
प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक
अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे और नकल रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
नियंत्रण कक्ष स्थापित
परीक्षा संचालन की मॉनिटरिंग हेतु जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक संचालित रहेगा।
📞 नियंत्रण कक्ष दूरभाष: 9997156949
सख्त निर्देश
परीक्षार्थियों को केंद्र परिसर में पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन, पेजर, कैलकुलेटर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी विषयों की परीक्षाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी।
प्रश्नपत्र लीक होने की स्थिति में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 1998 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्ट्रॉन्ग रूम की विशेष व्यवस्था
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हेतु डबल लॉक व्यवस्था लागू की गई है। स्ट्रॉन्ग रूम की चाबी स्टेटिक मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में रहेगी। प्रश्नपत्रों को केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की संयुक्त उपस्थिति में सुरक्षित रखा जाएगा तथा संपूर्ण प्रक्रिया का विवरण लॉग बुक में दर्ज किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया है कि वे निरंतर भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और बोर्ड परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराएं।
#UPBoardExam2026
#AgraNews
#TimesOfTaj
#BoardExam2026
#HighSchoolExam
#IntermediateExam
#AgraAdministration
#NakalVihinPariksha
#EducationNews
#UPNews
#DistrictAdministration
#ExamAlert
#DIOSAgra
#StudentUpdate
#BreakingNews

