लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के निर्देश पर यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अब राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को 58 प्रतिशत की जगह 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
राज्य सरकार के इस फैसले से करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। वित्त विभाग की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कुमार ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
सरकार की तैयारी है कि मई 2026 के वेतन के साथ बढ़े हुए डीए का लाभ कर्मचारियों को दिया जाए। चूंकि मई का वेतन जून की शुरुआत में खातों में आता है, इसलिए जून में मिलने वाली सैलरी और पेंशन में इसका सीधा असर दिखाई देगा। कर्मचारियों की आय में बढ़ोतरी से बढ़ती महंगाई के बीच राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने मुख्यमंत्री से बढ़ी हुई दर से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत (डीए/डीआर) लागू करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य रहा है, जो अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को समय पर महंगाई भत्ता देने में अग्रणी रहा है।
बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के आदेश जारी किए जाने के बाद लिया है। कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच इस निर्णय को लेकर खुशी का माहौल है।

