सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी कक्षाएं
लखनऊ। प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। परिषद की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त मदरसों में शिक्षण कार्य सुबह 7:00 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।
जवाहर भवन, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के कार्यालय रजिस्ट्रार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह नया समय 19 मई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश के मुताबिक छात्र-छात्राएं सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक मदरसों में उपस्थित रहेंगे, जबकि शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी दोपहर 12 बजे तक विद्यालय में रुककर शैक्षिक, प्रशासनिक तथा अन्य आवश्यक कार्यों का निस्तारण करेंगे।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त मदरसों पर लागू होगा। साथ ही जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मदरसों के समय में यह परिवर्तन किया गया है। मदरसा प्रबंधन और शिक्षकों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई है।

