नई दिल्ली। भारतीय रेलवे 1 मार्च से जनरल टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला UTS (Unreserved Ticketing System) Ticket Booking App बंद करने जा रही है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अब इस ऐप की जगह नई RailOne Super App का उपयोग करें।
अब तक UTS ऐप के माध्यम से यात्री जनरल टिकट के साथ-साथ प्लेटफॉर्म टिकट भी ऑनलाइन खरीद सकते थे। 1 मार्च के बाद ये सभी सेवाएं RailOne ऐप पर उपलब्ध होंगी।
रेलवे के अनुसार, RailOne को एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस सुपर ऐप में जनरल टिकट, रिजर्वेशन टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग की सुविधा दी गई है।
इसके अलावा RailOne ऐप में कई इंटीग्रेटेड सेवाएं भी उपलब्ध हैं, जिनमें IRCTC Rail Connect, NTES (National Train Enquiry System), Rail Madad और Food on Track जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
रेलवे का कहना है कि RailOne ऐप यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी जरूरी रेल सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे टिकट बुकिंग और यात्रा से जुड़ी जानकारी पाना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।

