9–10 जनवरी को होटल डबल ट्री बाय हिल्टन में होगा आयोजन, निर्यात विज़न 2030 और ग्रीन-डिजिटल एक्सपोर्ट पर होगा मंथन
आगरा | भारत को वैश्विक निर्यात मानचित्र पर और अधिक सशक्त एवं प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट सिंपोजियम 2026–27 का आयोजन आगामी 9 एवं 10 जनवरी को आगरा स्थित होटल डबल ट्री बाय हिल्टन में किया जाएगा।
इस दो दिवसीय मेगा एक्सपोर्ट इवेंट की औपचारिक घोषणा गुरुवार को हरी पर्वत स्थित होटल होलीडे इन में आयोजित उद्घोषणा समारोह में की गई।

उद्योग, नीति और बाजार के संवाद का मंच बनेगा आगरा
उद्घोषणा समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश गर्ग (अध्यक्ष, लघु उद्योग निगम, उत्तर प्रदेश एवं संरक्षक) सहित
पूरन डाबर (अध्यक्ष, चमड़ा एवं फुटवियर उद्योग परिषद),
मनीष अग्रवाल रावी (प्रोग्राम कन्वीनर),
अनुज कुमार (जॉइंट कमिश्नर इंडस्ट्रीज),
गोपाल गुप्ता, किशोर खन्ना, विजय गुप्ता, राजीव बंसल, संजय गोयल, अम्बा प्रसाद गर्ग समेत विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
निर्यात ही आर्थिक मजबूती की आधारशिला : राकेश गर्ग
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि वैश्विक आर्थिक प्रतिस्पर्धा के दौर में निर्यात किसी भी राज्य और देश की आर्थिक मजबूती की रीढ़ है।
उत्तर प्रदेश में एमएसएमई, ओडीओपी, कृषि, हस्तशिल्प, चमड़ा, फुटवियर और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अपार संभावनाएं हैं।
यह सिंपोजियम नीति, उद्योग और अंतरराष्ट्रीय बाजार के बीच सेतु का कार्य करेगा।
रणनीतिक रोडमैप तैयार करेगा सिंपोजियम : पूरन डाबर
ऑर्गेनाइजिंग कमेटी अध्यक्ष पूरन डाबर ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मेलन नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के निर्यातकों के लिए रणनीतिक दिशा तय करने वाला मंच है।
यहां निर्यात नियमों, गुणवत्ता मानकों, डिजिटल ट्रेड, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स और वैश्विक बाजार की मांगों पर विस्तार से चर्चा होगी, जिससे एमएसएमई निर्यातकों को सीधा लाभ मिलेगा।
‘वैश्विक भविष्य के लिए भारत के निर्यात को सशक्त बनाना’ होगी थीम
प्रोग्राम कन्वीनर मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि सिंपोजियम की थीम
“Empowering India’s Exports for a Global Future” होगी।
कार्यक्रम में निर्यात विज़न 2030, एफटीए, एमएसएमई एवं ओडीओपी,
डिजिटल और ई-कॉमर्स निर्यात,
निर्यात वित्त, जोखिम प्रबंधन,
लॉजिस्टिक्स आधुनिकीकरण,
महिला उद्यमिता तथा ग्रीन और सतत निर्यात जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे।
एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड 2026 से होगा सम्मान
सिंपोजियम के समापन अवसर पर एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड 2026 प्रदान किए जाएंगे।
इन पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट निर्यात प्रदर्शन करने वाले उद्यमों और व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे उद्योग जगत में नवाचार और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा।
व्यवस्थाओं का सफल संचालन
कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से मनीष अग्रवाल रावी एवं सीएस अनुज अशोक अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं एडमिनिस्ट्रेटर अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार, अमित यादव, अनिल सविता एवं अन्य समन्वयकों द्वारा संभाली गईं।

