West Bengal सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में सुबह की मॉर्निंग असेंबली के दौरान “वंदे मातरम” गाना अनिवार्य कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को नोटिस जारी कर निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि कक्षाएं शुरू होने से पहले “वंदे मातरम” का सामूहिक गायन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि राज्य भर के सभी छात्र-छात्राएं इसे तत्काल प्रभाव से गाना शुरू करें।
हालांकि, इस नए निर्देश के बाद कई स्कूलों के प्रधानाचार्य और प्रबंधक असमंजस की स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, पिछली सरकार के समय से ही राज्य के स्कूलों में मॉर्निंग असेंबली के दौरान राज्य गीत “बांग्लार माटी, बांग्लार जल” गाना भी अनिवार्य किया गया था।
अब स्कूल प्रशासन के सामने यह चुनौती खड़ी हो गई है कि मॉर्निंग असेंबली में राष्ट्रगान, “वंदे मातरम” और राज्य गीत—तीनों को किस तरह शामिल किया जाए।
कई स्कूल प्रमुखों का कहना है कि राष्ट्रगान को हटाया नहीं जा सकता क्योंकि वह अनिवार्य है। ऐसे में यदि “वंदे मातरम” को पहला गीत बनाया जाता है और उसके साथ राज्य गीत भी शामिल किया जाता है, तो प्रार्थना सभा का समय काफी बढ़ जाएगा।
एक स्कूल प्रमुख ने चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों के लिए प्रतिदिन तीन-तीन गीत गाना व्यावहारिक रूप से कठिन हो सकता है। इससे कक्षाएं शुरू होने में देरी होने की आशंका भी है।
शिक्षा विभाग के इस फैसले को लेकर राज्य में चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोग इसे राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ शिक्षाविद इसे स्कूलों के समय प्रबंधन से जुड़ी नई चुनौती मान रहे हैं।

