आगरा। डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में वसंत पंचमी के पावन अवसर और महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। विद्यार्थियों ने वसंत पंचमी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा नृत्य व गीतों के माध्यम से वसंत ऋतु के उल्लास को प्रस्तुत किया।
इसी अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों ने भाषणों और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए नेताजी के संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया।

विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने कहा कि वसंत पंचमी ज्ञान, चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है, जो अनुशासन और सृजनशीलता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन देशप्रेम, त्याग और साहस की प्रेरक मिसाल है, जिससे युवाओं को राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा मिलती है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षित करने के साथ-साथ संस्कारवान और राष्ट्रप्रेमी नागरिक बनाना है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में डीन एडमिनिस्ट्रेटर चंद्रशेखर डैंग, शिक्षिका आंचल सिंह, रीनू चौधरी, कविता सिंह, तृप्ति शर्मा, अवनीत ग्रोवर, रिचा कुलश्रेष्ठ सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन प्रेरणा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ हुआ।

