चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) को सरकार बनाने के लिए पूर्ण समर्थन दे दिया है। कांग्रेस नेताओं ने चेन्नई स्थित टीवीके मुख्यालय पहुंचकर पार्टी प्रमुख विजय को समर्थन पत्र सौंपा।
सूत्रों के मुताबिक, विजय गुरुवार सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है।
यह निर्णय तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में लिया गया, जिसमें राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए टीवीके को समर्थन देने पर सहमति बनी। इससे पहले, टीवीके प्रमुख ने कांग्रेस नेतृत्व—मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल—को पत्र लिखकर समर्थन मांगा था।
तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य की जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस अभी भी द्रविड़ मुनेत्र कषगम के संपर्क में है, जो ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है और दोनों दल 2004 से सहयोगी रहे हैं।
234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें मिली हैं, जबकि सरकार बनाने के लिए 11 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं, जिससे टीवीके की स्थिति मजबूत हुई है।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एस राजेश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया कि तमिलनाडु की जनता, विशेषकर युवाओं ने एक धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और कल्याणकारी सरकार के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।

