नई दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज पश्चिम बंगाल दौरे पर जा रहे हैं, जहां उनकी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अहम मुलाकात प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, अखिलेश यादव सुबह 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए रवाना होंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत के बाद राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और विपक्षी दल एकजुटता की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में हाल ही में हुए चुनाव परिणामों की समीक्षा, भविष्य की चुनावी रणनीति और विपक्षी एकता को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह बैठक आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणामों ने बड़ा उलटफेर किया है। भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 80 सीटों पर सिमट गई। इसके बावजूद निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है, जिससे राज्य में संवैधानिक और राजनीतिक बहस छिड़ गई है।
मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। मैं हारी नहीं हूं। वे हमें आधिकारिक तौर पर हरा सकते हैं, लेकिन नैतिक रूप से हम जीते हैं।”
ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि उन्हें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन समेत कई विपक्षी नेताओं का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि “इंडिया गठबंधन के सभी साथी मेरे साथ खड़े हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अब वह एक आम नागरिक की तरह विपक्ष को मजबूत करने का काम करेंगी। “मेरे पास अब कोई कुर्सी नहीं है, मैं एक स्वतंत्र पंछी हूं,” उन्होंने कहा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की यह मुलाकात विपक्षी एकता को नया स्वरूप दे सकती है और आने वाले लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा के खिलाफ एक मजबूत रणनीति तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

