नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने सोमवार, 22 सितंबर 2025 को पेरिस ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल विजेता अमन सहरावत को वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वीकार्य वजन सीमा पर खरा नहीं उतर पाने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी किया।
अमन पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती 57 किलोग्राम स्पर्धा में पदक के प्रबल दावेदार थे, लेकिन प्रतियोगिता के दिन उनका वजन 1.7 किलोग्राम अधिक पाया गया, जिस कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।
डब्ल्यूएफआई ने यह भी कहा कि जगरेब में मौजूद चार कोच — मुख्य कोच जगमंदर सिंह, विनोद, वीरेंद्र और नरेंद्र — ने वजन प्रबंधन पर निगरानी रखने में कमी बरती, जिसके लिए उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डब्ल्यूएफआई के एक पदाधिकारी ने कहा, “ये स्वीकार्य नहीं है। हमें इसके पीछे के कारण जानने होंगे। दो महीने से भी कम समय में हमारे दो अच्छे पहलवान अयोग्य घोषित हो गए। यह गंभीर मामला है।”
अमन और चारों कोच से 27 सितंबर तक जवाब मांगा गया है। पदाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता स्थल पर कुल 10 पहलवान और चार कोच मौजूद थे, और प्रतियोगिता से 15 दिन पहले उन्हें वहां रहकर पहलवानों के वजन पर ध्यान देना चाहिए था।

