कासगंज। सहावर कस्बे के रेलवे रोड इलाके में एक युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय अजय पुत्र राजेंद्र, निवासी रेलवे रोड सहावर के रूप में हुई है। अजय की शादी करीब 10 माह पहले थाना सहावर क्षेत्र के गांव तारापुर निवासी पूनम से हुई थी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय अजय के माता-पिता गंगा स्नान के लिए बाहर गए हुए थे और घर में केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद अजय का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवक की मौत के बाद पत्नी पूनम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

